सिख युवक से मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने बनाई चार टीमें
सिख युवक से मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने बनाई चार टीमेंvv
कानपुर, 24 मई । शहर के स्टूडियो एक्सो बार में सिख युवक वंश भाटिया के साथ हुई मारपीट के मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित की मां सोनिया भाटिया की तहरीर पर आरोपित धैर्य गुप्ता समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जांच तेज कर दी है। मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।
पीड़ित की मां सोनिया भाटिया ने रविवार को आरोप लगाया कि उनके बेटे पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। उन्होंने कहा कि मारपीट के दौरान वंश के केश पकड़कर उसे शटर में फंसाने की कोशिश की गई। परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वंश मानसिक रूप से काफी परेशान है और किसी से सामान्य बातचीत भी नहीं कर पा रहा है।
वंश के भाई सहज भाटिया ने बताया कि परिवार पर लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। कई लोगों के फोन आ रहे हैं और धमकी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो सिख समाज के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उधर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने रविवार काे बताया कि 23 मई को पीड़ित की मां की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।