सीडीओ ने दिए सभी गौशालाओं के जांच के दिए निर्देश
सीडीओ ने दिए सभी गौशालाओं के जांच के दिए निर्देश
फतेहपुर, 24 सितंबर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को गौशाला से गौतस्करी के मामले में घोर लापरवाही पाये जाने व जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जिम्मेदार ग्राम पंचायत सचिव पंकज सिंह को निलंबित कर दिया है। वहीं खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान और पशु चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
गौशाला से गौतस्करी का मामला उजागर होने पर जिला पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा किशनपुर थाना क्षेत्र के सरौली गांव की गौशाला की जांच की गई। जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आईं। गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क गायब मिली, जिससे तस्करी की सच्चाई और जिम्मेदारों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। हार्ड डिस्क कौन लेकर गया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। गौशाला में गोवंश की तस्करी की कोशिश ने जिले के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है। ऐसे ही मामले अन्य गौशालाओं में भी हो सकते हैं। आज बहुआ सहित कई गौशालाओं का पीड़ी शेषमणि सिंह ने निरीक्षण भी किया है।मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा ने बताया कि सरौली गौशाला की जांच में जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों की घोर अनियमितता उजागर हुई। ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है। अन्य संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। साथ ही जिले की अन्य गौशालाओं में भी जांच कर गौवंश की संख्या चेक करने के आदेश दिए गये हैं।