प्रयागराज में आधी रात पुलिस से मुठभेड़! बैरियर तोड़कर भागे बदमाश, फिर हुई फायरिंग
चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक घायल
प्रयागराज में आपराधिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत, बीती 6 और 7 जून की मध्य रात्रि को शहर के सिटी ज़ोन में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की धर-पकड़ करना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना था।
इसी क्रम में, पुलिस थाना करेली के अंतर्गत आने वाली शाहपुर चौकी पर भी पुलिस टीम द्वारा वाहनों और व्यक्तियों की गहन चेकिंग की जा रही थी। देर रात लगभग 2 बजे के करीब, एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति चौकी पर लगाए गए बैरियर की ओर तेज़ गति से आते हुए दिखाई दिए। पुलिस कर्मियों ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया और चेकिंग के लिए कहा, तो वे रुकने के बजाय अचानक बैरियर को तोड़ते हुए तेज़ रफ़्तार से भाग निकले।
बदमाशों के संदिग्ध व्यवहार और पुलिस से बचने के लिए बैरियर तोड़ने की कोशिश को देखते हुए, मौके पर मौजूद हमारी पुलिस टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर पीछा करने के बाद, जब पुलिस टीम ने उन्हें घेरने का प्रयास किया और रुकने को कहा, तो बदमाशों ने क़ानून से बचने की नीयत से पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने अपनी और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में, पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को साहसपूर्वक घेराबंदी कर मौके से ही पकड़ लिया गया।
घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों से गहन पूछताछ जारी है ताकि उनके आपराधिक इतिहास, किसी गिरोह से उनके संबंध और अन्य आपराधिक गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इस घटना के संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।