बर्खास्त प्रधानाध्यापक का वेतन जारी कराने पर खंड शिक्षा अधिकारी निलंबित

बर्खास्त प्रधानाध्यापक का वेतन जारी कराने पर खंड शिक्षा अधिकारी निलंबित

बर्खास्त प्रधानाध्यापक का वेतन जारी कराने पर खंड शिक्षा अधिकारी निलंबित

मीरजापुर, 3 नवंबर । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में मड़िहान के देवरी उत्तरी प्राथमिक विद्यालय के बर्खास्त प्रधानाध्यापक का वेतन जारी कराने के आरोप में पटेहरा ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार को अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) प्रयागराज, कामताराम पाल ने निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनिल कुमार वर्मा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। रिपोर्ट के अनुसार, देवरी उत्तरी के प्रधानाध्यापक कृष्णकांत, जो अपनी दूसरी मां के सगे पुत्र के रूप में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी कर रहे थे, की सेवा समाप्ति का आदेश स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने चार जुलाई 2025 को जारी किया था।

बीएसए ने आदेश का पालन करते हुए प्रधानाध्यापक को बर्खास्त कर दिया था, लेकिन आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने सेवा समाप्ति के बाद भी जुलाई माह का वेतन जारी करा दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने बर्खास्त शिक्षक को एफएलएन प्रशिक्षण के प्रथम चरण में भी शामिल करा दिया।

बीएसए ने इस कृत्य को सेवा नियमावली का घोर उल्लंघन बताते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी। रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए अपर शिक्षा निदेशक ने बीईओ मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सहायक मंडलीय शिक्षा निदेशक कार्यालय, विंध्याचल मंडल से संबद्ध कर दिया है।

मामले की जांच के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक, प्रयागराज को जांच अधिकारी नामित किया गया है।