वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश के 18 स्थानों पर बड़े कार्यक्रम करेगी भाजपा
-“वंदे मातरम” केवल गीत नहीं, हमारे राष्ट्र की आत्मा है : भूपेन्द्र चौधरी
लखनऊ, 1 नवंबर । भारत के राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर 07 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के 18 स्थानों पर बड़े कार्यक्रम करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में इस संबंध में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि “वंदे मातरम” केवल गीत नहीं, यह हमारे राष्ट्र की आत्मा है, जिसने आज़ादी के आंदोलन में करोड़ों लोगों में देशभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित की थी। आज फिर से वही भाव जगाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि आगामी 7 नवंबर को भारत के राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर होने वाले समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं को व्यापक स्तर पर सहभागिता करनी होगी।
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने आगामी अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर “सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पुनर्पुष्टि का पर्व” है। इसमें हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी 7 नवंबर से पूरे प्रदेश में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों को आयोजन किया करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में 18 स्थानों पर “वंदे मातरम्” अभियान को लेकर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को लेकर अभी से हमें अपनी तैयारियां प्रारम्भ कर देनी चाहिए।
अभियान का प्रदेश संयोजक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी को बनाया गया है। बैठक में पार्टी के चल रहे “आत्मनिर्भर भारत अभियान”, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर पार्टी के किए जा रहे कार्यक्रमों, भारत के राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर 7 नवंबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और विभिन्न अभियानों के संयोजक सम्मिलित हुए। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।