भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया 11 फरवरी को आएंगे कानपुर : अनूप अवस्थी
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया 11 फरवरी को आएंगे कानपुर : अनूप अवस्थी
कानपुर, 09 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया 11 फरवरी को एक दिवसीय दौरे पर कानपुर आएंगे। अपने प्रवास के दौरान वह मीडिया प्रतिनिधियों से प्रेस वार्ता करेंगे इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से जनमत निर्माण में सक्रिय कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रमुख इनफ्लुएंसर्स को भी संबोधित करेंगे। यह जानकारी भाजपा कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी सोमवार को दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया का यह दौरा आगामी बजट 2026–27 को लेकर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वह बजट से जुड़ी विभिन्न नीतियों, प्राथमिकताओं और आम जनता पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर पार्टी का पक्ष विस्तार से रखेंगे। प्रेस वार्ता के माध्यम से गौरव भाटिया देश और प्रदेश से जुड़े समसामयिक व महत्वपूर्ण विषयों पर स्पष्ट और तथ्यात्मक जानकारी साझा करेंगे, जिससे जनता तक पार्टी की सोच और दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
इसके अलावा, दौरे के दौरान सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ एक विशेष बैठक भी आयोजित की जाएगी। इस बैठक में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक, जिम्मेदार और तथ्यात्मक संवाद को और अधिक सशक्त बनाने पर चर्चा होगी। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं का जवाब देने, सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को सही संदर्भ में प्रस्तुत करने तथा युवाओं से संवाद को मजबूत करने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा। पार्टी का मानना है कि यह बैठक डिजिटल माध्यमों पर जनसंवाद को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।