अधिवक्ताओं ने पुष्पवर्षा कर किया तिरंगा यात्रा का स्वागत

- हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर निकाली यात्रा, क्रांतिकारियों को दी श्रद्धांजलि

अधिवक्ताओं ने पुष्पवर्षा कर किया तिरंगा यात्रा का स्वागत

मीरजापुर, 10 अगस्त । मां विंध्यवासिनी की नगरी मीरजापुर सोमवार को देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत विंध्याचल से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे और ढोल-ताशों की गूंज के बीच लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए।

भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में यात्रा की शुरुआत नगर विधायक रत्नाकर मिश्र के बावली चौराहा स्थित आवास से हुई। यात्रा में राज्यमंत्री सोहन लाल श्रीमाली, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आयुषी श्रीमाली और नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा स्टेट बैंक चौराहा, पुरानी वीआईपी, मंदिर कॉरिडोर, सदर बाजार, बरतर तिराहा और बंगाली चौराहा होते हुए वापस बावली चौराहा स्थित कैंप कार्यालय पहुंची। पूरा रास्ता देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा। तिरंगा हाथ में लिए बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

समापन पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि मां विंध्यवासिनी के दरबार से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ देश के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि यात्रा में नगर विधानसभा के नागरिकों के साथ भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, सभासद और कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा के संयोजक भाजपा सहकोषाध्यक्ष महेंद्र जायसवाल, सहसंयोजक आलोक बरनवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।