लूट-छिनैती करने वाले गिरोह का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार और हिरासत में दो बाल अपचारी
लूट-छिनैती करने वाले गिरोह का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार और हिरासत में दो बाल अपचारी
प्रयागराज, 10 अगस्त । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सरायममरेज पुलिस ने साेमवार काे चोरी और छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी व छिनैती के छह मोबाइल फोन, 11,400 रुपये नकद और चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित में उतरांव थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर (सोरों जलालपुर) निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान और फूलपुर थाना क्षेत्र के गगौर गांव निवासी अर्जुन भारतीया उर्फ बादल है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
डराकर मोबाइल और यूपीआई से कराए थे रुपये ट्रांसफर
पुलिस के मुताबिक 25/26 जुलाई की रात करीब दो बजे वरुणा नदी पुल के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को रोककर उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। बदमाशों ने उसे डराकर मोबाइल का पिन और पासवर्ड हासिल कर लिया और यूपीआई के माध्यम से उसके खाते से रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। इस मामले में सरायममरेज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया था।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपितों का एक गिरोह है, जो रात में सुनसान स्थानों पर लोगों को रोककर डराने-धमकाने के बाद लूट और छिनैती की घटनाएं करता था। वारदात में मिले सामान को बेचकर प्राप्त रुपये आपस में बांट लेते थे और अपने शौक पूरे करते थे।
कई थाना क्षेत्रों में वारदात का खुलासा
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने दो जून को बहरिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार दंपती से मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये की छिनैती की थी। इसके अलावा एक अगस्त को उतरांव थाना क्षेत्र में बाइक सवार महिला से चेन छीनने की घटना भी की थी।
पुलिस ने बताया कि बरामद दोनों मोटरसाइकिलें भी चोरी की हैं। इनके संबंध में फूलपुर और कर्नलगंज थाने में मुकदमे दर्ज हैं।
छह मोबाइल और 11,400 रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपितों और बाल अपचारियों के कब्जे से कुल छह मोबाइल फोन और 11,400 रुपये बरामद किए। इनमें सरायममरेज की घटना से संबंधित सैमसंग गैलेक्सी ए.4ई मोबाइल और एक हजार रुपये, उतरांव की घटना में चेन बेचकर मिले 7,700 रुपये, बहरिया की घटना से संबंधित सैमसंग गैलेक्सी एफ. 25 मोबाइल और 2,700 रुपये तथा कीडगंज थाने के सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज एक सैमसंग मोबाइल शामिल है। इसके अलावा चोरी की दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर सरायममरेज में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4) की बढ़ोतरी की है। आरोपितों के खिलाफ प्रयागराज के विभिन्न थानों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।