रमजान में अतिक्रमण पर कार्रवाई, आजमनगर बाजार बंद; पुलिस से नोकझोंक
रमजान में अतिक्रमण पर कार्रवाई, आजमनगर बाजार बंद; पुलिस से नोकझोंक
बरेली, 18 मार्च । उत्तर प्रदेश के बरेली में रमजान के दौरान बढ़ी भीड़ के बीच शहर के आजमनगर स्थित कबूतर चौक इलाके में बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखाई। सड़क पर फैली दुकानों और होटल संचालकों द्वारा किए गए कब्जे के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। हालात यह रहे कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया।
शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया और पुलिस से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि एक दुकानदार और उसके परिजन ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता भी की, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
पुलिस के सख्त रुख के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि होटल संचालकों को भी तत्काल संचालन रोकने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के चलते कुछ समय के लिए पूरा बाजार बंद रहा।
मामले की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी मानुष पारीक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि “त्योहारी सीजन में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन इसके नाम पर सड़क पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। आम लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस से अभद्रता करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि रमजान के दौरान हर वर्ष इसी तरह की समस्या सामने आती है। बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के चलते जाम की स्थिति बनती है, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है। फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।