एडीजी एनसीसी मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैडेट्स में भरा राष्ट्रसेवा का जोश

एडीजी एनसीसी मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैडेट्स में भरा राष्ट्रसेवा का जोश

एडीजी एनसीसी मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैडेट्स में भरा राष्ट्रसेवा का जोश

प्रयागराज, 06 मई। एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी है, जहां अनुशासन, नेतृत्व, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का विकास होता है। यह विचार बुधवार को “नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026” के तहत प्रयागराज पहुंचे एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम (वीएसएम) ने एनसीसी कैडेट्स से संवाद कर उनमें राष्ट्रसेवा की भावना को और प्रखर किया।

भारतीय सेना की उत्तरी कमान और मध्य कमान के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज में कैडेट्स को संबोधित किया।

उन्होंने कैडेट्स को भविष्य की चुनौतियों के प्रति सजग रहने और एनसीसी से मिले मूल्यों को जीवन के हर क्षेत्र में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण, अनुशासन, उच्च शिक्षा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को सफलता का आधार बताते हुए युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उनके संबोधन से कैडेट्स में उत्साह और राष्ट्रसेवा का जज्बा और अधिक मजबूत हुआ।

इस दौरान मेजर जनरल गौतम ने कैडेट्स, जेसीओ, जवानों और अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका परिचय प्राप्त किया। संवाद सत्र के बाद उन्होंने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय का निरीक्षण भी किया, जहां अधीनस्थ 12 बटालियनों के कमांडिंग ऑफिसर और पीआई स्टाफ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि टीमवर्क, नवाचार और कठोर प्रशिक्षण के जरिए एनसीसी उत्तर प्रदेश निदेशालय को देश का सर्वश्रेष्ठ बनाया जाए।

इस अवसर पर ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कांदिल ने कहा कि ऐसे संवाद सत्र युवाओं में “राष्ट्र प्रथम” की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें मानसिक, शारीरिक व नैतिक रूप से सक्षम बनाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में मेजर जनरल गौतम ने सभी अधिकारियों, कैडेट्स और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कर्तव्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।