प्रयागराज में तैनात उपनिरीक्षक का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
प्रयागराज में तैनात उपनिरीक्षक का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
प्रयागराज, 18 अप्रैल । उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात उपनिरीक्षक शिवशंकर सिंह (51) का शनिवार भोर में निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मूल रूप से गाजीपुर जनपद के गहमर थाना क्षेत्र के गोड़सरा गांव निवासी शिवशंकर सिंह वर्तमान में धूमनगंज थाना में तैनात थे। लगभग एक माह पूर्व वे अचानक लकवा (पक्षाघात) के शिकार हो गए थे, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था।
सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य प्रयागराज पहुंचे और कीडगंज थाना क्षेत्र के समीप किराए के कमरे में रहकर उनका इलाज करवा रहे थे। उपचार के दौरान ही शनिवार की भोर में उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर कीडगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में उनकी पत्नी जय कुमारी, दो पुत्र-मनीष प्रताप सिंह व उत्कर्ष तथा एक पुत्री सलोनी हैं। उनकी पत्नी जय कुमारी गांव के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं।
---------------