महाशिवरात्रि के पूर्व मथुरा से आया उपहार श्री काशी विश्वनाथ दरबार काे समर्पित
—श्री कृष्ण जन्मस्थली मंदिर न्यास से आए प्रतिनिधियों की सम्मानपूर्वक विदाई
वाराणसी, 09 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ के विवाहोत्सव में मथुरा स्थित श्री कृष्ण जन्मस्थली मंदिर न्यास की ओर से भेजा गया उपहार एवं श्रृंगार सामग्री सोमवार को विधिविधान के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंची। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने भगवान श्री विश्वेश्वर को समर्पित यह भेंट श्रद्धा और आस्था के वातावरण में उन्हें अर्पित की ।
काशी–मथुरा के मध्य सनातन सांस्कृतिक समन्वय की प्राचीन परंपरा को सुदृढ़ करते हुए इस अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। डमरू, शंखनाद एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मथुरा से आई पावन भेंट को सादर स्वीकार किया गया। मंदिर न्यास के अधिकारियों ने बताया कि श्री कृष्ण जन्मस्थली से लाई गई भेंट को भगवान श्री विश्वेश्वर को अवलोकन कराने के उपरांत, समारोहपूर्वक मथुरा से आए विशिष्ट प्रतिनिधियों को सम्मानस्वरूप प्रदान किया गया। मथुरा से पधारे लड्डू गोपाल के प्रतिनिधियों को भगवान विश्वेश्वर की ओर से विधिपूर्वक भेंट, दक्षिणा एवं प्रसाद प्रदान कर मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सम्मानपूर्वक विदा किया । मंदिर न्यास के अनुसार यह पहल सनातन परंपरा में निहित हरि-हर के शाश्वत और अलौकिक संबंध का सजीव प्रतीक है, जो काशी और मथुरा के मध्य धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक एकता को और अधिक प्रगाढ़ करता है। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, समरसता एवं सनातन संस्कृति की दिव्य अनुभूति का माध्यम बना और महाशिवरात्रि पर्व की आध्यात्मिक गरिमा को नई ऊंचाई प्रदान करता है।