मां कल्याणी देवी मंदिर में चैत्र कृष्ण अष्टमी को भक्तों का लगेगा मेला
मां कल्याणी देवी मंदिर में चैत्र कृष्ण अष्टमी को भक्तों का लगेगा मेला
प्रयागराज, 09 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में मां कल्याणी देवी मंदिर में चैत्र कृष्ण अष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाला प्राचीन वार्षिक मेला 10 मार्च से 12 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यह जानकारी मंदिर के पुजारी पं. सुशील पाठक ने साेमवार काे दी।
उन्होंने बताया कि मेला का मुख्य आकर्षण 11 मार्च को होने वाला अष्टमी पर्व होगा। इस दिन प्रातः 4 बजे मां कल्याणी की मंगल आरती के साथ मंदिर के पट दर्शन-पूजन के लिए खोल दिए जाएंगे। श्रद्धालु मध्यान्ह 2 बजे तक पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक मां कल्याणी का महाभिषेक, नौचंडी पाठ, दुर्गा सप्तशती का पाठ, कुमारी कन्याओं का पूजन तथा हवन किया जाएगा।
पुजारी पं. सुशील पाठक ने बताया कि शाम 7 बजे मां कल्याणी का भव्य महाशृंगार किया जाएगा, जिसमें माता का श्रृंगार स्वर्ण आभूषणों से महिषासुर मर्दिनी के स्वरूप में किया जाएगा। इसके बाद पूरी रात्रि श्रद्धालुओं को महाशृंगार के दर्शन प्राप्त होंगे। इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूल, फल और मेवा से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ माता को निशान चढ़ाने आएंगे। साथ ही मेला क्षेत्र में पूरी रात्रि भगवती जागरण और लोकगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 मार्च और 12 मार्च को शाम 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक श्रद्धालुओं को मां कल्याणी के नवीन श्रृंगार के विशेष दर्शन भी कराए जाएंगे। तीन दिवसीय इस मेले को लेकर मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।