बसहा में बनेगी अत्याधुनिक ‘इको हाई-टेक नर्सरी’
बसहा में बनेगी अत्याधुनिक ‘इको हाई-टेक नर्सरी’
लखनऊ, 16 मई । लखनऊ: शहर को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम लखनऊ द्वारा कुर्सी रोड स्थित बसहा में अत्याधुनिक ‘इको हाई-टेक नर्सरी’ विकसित की जा रही है। शनिवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने निर्माणाधीन परियोजना का स्थल निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
95 प्रतिशत हरियाली सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने उद्यान अधीक्षक शशिकांत शशि को निर्देश दिए कि नर्सरी परिसर में 95 प्रतिशत हरित क्षेत्र सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परिसर में स्थित तालाब के पुनरुद्धार, भव्य एंट्री गेट निर्माण तथा एक विशेष बिक्री काउंटर विकसित करने के भी निर्देश दिए। इस काउंटर के माध्यम से नगर निगम के सीएनडी वेस्ट प्लांट से तैयार गमले एवं अन्य उत्पादों की बिक्री की जाएगी।
वैज्ञानिक तकनीक से होगा पौधों का उत्पादन
करीब 1.2 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही यह नर्सरी उत्तर प्रदेश की सबसे आधुनिक नर्सरियों में शामिल होगी। यहां पौधों के उत्पादन की पूरी प्रक्रिया वैज्ञानिक एवं मशीनीकृत होगी। मीडिया प्रिपरेशन, सीड प्रोसेसिंग, अंकुरण कक्ष, हार्डनिंग चैंबर, पॉलीहाउस और ग्रीन शेडनेट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 1.5 से 2 लाख पौधों का उत्पादन संभव होगा।
सौर ऊर्जा आधारित आत्मनिर्भर मॉडल
इस परियोजना को पूरी तरह इको-फ्रेंडली और आत्मनिर्भर मॉडल पर तैयार किया जा रहा है। नर्सरी संचालन के लिए 20 किलोवाट क्षमता का ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। यहां देश-विदेश की उन्नत किस्मों के फूल, सब्जियां और सजावटी पौधे तैयार किए जाएंगे, जिन्हें आम नागरिक भी किफायती दरों पर खरीद सकेंगे।
शक्ति वन में हरियाली बढ़ाने और सुरक्षा कार्यों के निर्देश
बसहा नर्सरी के निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अकबर नगर स्थित शक्ति वन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वहां जल्द से जल्द व्यापक स्तर पर हरियाली विकसित की जाए। उन्होंने कुकरैल नदी के किनारे सोयल इरोजन रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल निर्माण कराने के भी निर्देश दिए, ताकि नदी किनारे की भूमि सुरक्षित रह सके।
एमपी थियेटर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने शक्ति वन परिसर में प्रस्तावित एमपी थियेटर के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा तय समयसीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शहर को हरित और आधुनिक बनाने की दिशा में पहल
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम द्वारा चलाई जा रही ये परियोजनाएं लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण संतुलित शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।