सड़क किनारे आराम कर रहे कांवड़िए को ट्रक ने रौंदा
सड़क किनारे आराम कर रहे कांवड़िए को ट्रक ने रौंदा
मीरजापुर, 15 फ़रवरी । जमालपुर थाना क्षेत्र के अदलहाट-शेरवां मार्ग पर शनिवार देर रात सड़क किनारे आराम कर रहे 17 वर्षीय कांवड़िये काे एक ट्रक ने कुचल दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक काे गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि बिसौरा कला निवासी राहुल यादव (17) पुत्र दयाराम यादव अपने साथियों के साथ शनिवार सुबह अपने दोस्तों के साथ शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए गंगाजल लेने नारायनपुर के बरईपुर गंगा घाट गया था। शाम को गंगाजल लेकर पैदल चकिया स्थित जागेश्वर धाम जा रहा था। थकान के चलते शेरवां पुलिस चौकी से करीब एक साै मीटर पहले नंदपुर तिराहे पर वह कांवड़ रखकर साथियों के साथ विश्राम कर रहा था। तभी एक ट्रक ने उसे कुचल दिया।
हादसे के बाद घायल राहुल को एक एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने पीछा कर चालक समेत पकड़ लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। राहुल परिवार का इकलौता पुत्र था। चाचा पुदीना यादव ने थाना में तहरीर देकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।