अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन को लेकर लखनऊ में 1683 पुलिसकर्मियों की तैनाती

अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन को लेकर लखनऊ में 1683 पुलिसकर्मियों की तैनाती

अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन को लेकर लखनऊ में 1683 पुलिसकर्मियों की तैनाती

लखनऊ, 17 जनवरी  अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों का 86वां सम्मेलन (एआईपीओसी) एवं विधायी निकायों के सचिवों का 62वां सम्मेलन 18 से 23 जनवरी काे विधान भवन, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण सम्मेलन को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है।

सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से पीठासीन अधिकारी, विधायी निकायों के सचिव एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की भागीदारी प्रस्तावित है। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, राज्यसभा के उप-सभापति सहित अनेक अति विशिष्ट महानुभावों के शामिल होने की संभावना है। अतिथियों का आगमन 18 जनवरी से प्रारंभ होगा, जबकि समापन कार्यक्रम 21 जनवरी को संपन्न होगा। इसके उपरांत 22 जनवरी को धार्मिक स्थल भ्रमण तथा 23 जनवरी को प्रतिभागियों का प्रस्थान प्रस्तावित है।

पुलिस ने कार्यक्रम स्थलों, प्रवास स्थलों एवं आवागमन मार्गों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। कुल 1683 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जिनमें वरिष्ठ अधिकारी, निरीक्षक, उप-निरीक्षक, मुख्य आरक्षी, महिला पुलिसकर्मी एवं होमगार्ड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पीएसी की पांच कंपनियां, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एंटी-माइन टीम, डॉग स्क्वॉड, फायर सर्विस एवं एलआईयू की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगी।

सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए एंटी-सबोटाज चेकिंग, 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, क्विक रिस्पॉन्स टीम तथा रिजर्व बल की तैनाती की गई है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। आमजन की सुविधा के लिए यातायात परामर्श अलग से जारी किया जा रहा है।

इस संबंध में पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से शनिवार काे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि सम्मेलन की सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था बहुस्तरीय रखी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। समय-समय पर जारी यातायात डायवर्जन एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।--------------