बिजली बिलों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार वापस लिया जाए : पवन गुप्ता
बिजली बिलों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार वापस लिया जाए : पवन गुप्ता
कानपुर, 02 जून । बिजली बिलों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाए जाने का विरोध करते हुए कानपुर महानगर कांग्रेस ने मंगलवार को मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भीषण गर्मी के बीच बिजली बिलों पर अतिरिक्त बोझ डालना जनविरोधी निर्णय है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियामक आयोग द्वारा आपत्ति जताने के बावजूद यूपी पावर कॉरपोरेशन यह अधिभार वसूल रहा है।
कानपुर महानगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अपर मंडलायुक्त को सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार बिजली कटौती, खराब विद्युत आपूर्ति और बढ़ते बिजली बिलों से आम जनता, किसान, व्यापारी तथा छोटे उद्योग पहले से ही परेशान हैं। अब इधर अधिभार भी लगा दिया गया है।
ज्ञापन में मांग की गई कि बिजली बिलों पर लगाया गया 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की बिजली नीति पर भी सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है और उपभोक्ताओं पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। कांग्रेस ने ऊर्जा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफे की भी मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर इस निर्णय को निरस्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए सरकार को बिजली दरों और अतिरिक्त अधिभार संबंधी फैसलों पर पुनर्विचार करना चाहिए।
इस दौरान नरेश त्रिपाठी, मदन मोहन शुक्ला, नरेश पाठक, पदम मोहन मिश्रा, दिलीप शुक्ला, हरीश बाजपेई, राकेश साहू, रितेश यादव, इखलाख अहमद डेविड, रमाकांत मिश्रा, प्रतिभा अटल पाल, शबनम आदिल, महिपारा बेगम, राजेश गौतम, डॉ. महादेव, नदीम अहमद, राम शंकर राय, जमाल सिद्दीकी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।