लैंड जेहाद, लव जेहाद और थूक जेहाद पर सीएम योगी का बड़ा बयान, विपक्ष पर साधा निशाना

लैंड जेहाद, लव जेहाद और थूक जेहाद का समर्थन करने वालों को आस्था नहीं, वोटबैंक की चिंता : योगी आदित्यनाथ

लैंड जेहाद, लव जेहाद और थूक जेहाद पर सीएम योगी का बड़ा बयान, विपक्ष पर साधा निशाना

लखनऊ, 05 जुलाई । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्य़क्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नवीन की मौजूदगी में रविवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लैंड जेहाद-लव जेहाद व थूक जेहाद का समर्थन करने वालों को आस्था की नहीं, बल्कि वोटबैंक की चिंता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वे लोग हैं, जिनकी अपनी विचारधारा नहीं है। भाजपा का विरोध करते-करते भारत का विरोध करना उनके दैनिक दिनचर्या का हिस्सा है। उनकी आस्था तब आहत नहीं होती है, जब वे बाबरी ढांचे का समर्थन करते हैं। भारत की आस्था को आहत करने के लिए यह लोग प्रहार करने से भी नहीं चूकते।

मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले की सरकारें माफिया पालती थीं। लूटपाट के लिए हर जनपद में अपने गुर्गों से कट्टा और बम बनवाती थीं। हम देश की सुरक्षा के लिए लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं। हमारे लिए राष्ट्र सुरक्षा और उनके लिए लूटतंत्र मजबूत करना महत्वपूर्ण था।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब शक्ति केंद्र मजबूत होगा तो पश्चिम बंगाल जैसी जीत प्राप्त करने में कोई कठिनाई नहीं होगी। यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने की जीत है। कभी घुसपैठ, अराजकता का अड्डा बने पश्चिम बंगाल में भाजपा के अनगिनत कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया, वहां बहुमत से भाजपा सरकार बनना यह दर्शाता है कि शक्ति केंद्र मजबूत है तो सब कुछ हमारे हाथ में है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास, सुरक्षा, सुशासन के मॉडल के साथ डबल इंजन सरकार युवा, आधी आबादी, किसान, गरीब तक शासन की योजनाओं का लाभ बिना रुके, डिगे, झुके पहुंचा रही है। विपक्षियों (सपा-कांग्रेस) की यही चिंता है कि जिन्हें यह जाति, धर्म के नाम पर बांटते थे, उस गरीब, महिला, किसान, नौजवान को डबल इंजन सरकार अपने साथ जोड़ रही है। विपक्षी दल विभाजन की सारी मेहनत का ठीकरा फोड़कर भारत की आस्था पर प्रहार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी में आए कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर सम-विषम परिस्थिति में कार्य करने में सक्षम है। इस भीषण गर्मी में राष्ट्रीय अध्य़क्ष भी दौरे कर रहे हैं। कल सुबह 11 बजे से वे अनवरत कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार आपकी है। कोई भी आपके हितों, मूल्यों व सम्मान के विपरीत आचरण नहीं कर सकता है।