उप्र विधान परिषद चुनाव : 11 सीटों पर 152 उम्मीदवारों का भाग्य बैलट बॉक्स में बंद, 55.24 फीसदी हुआ मतदान
उप्र विधान परिषद चुनाव : 11 सीटों पर 152 उम्मीदवारों का भाग्य बैलट बॉक्स में बंद, 55.24 फीसदी हुआ मतदान
लखनऊ, 23 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 11 सीटों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ। सभी सीटों पर कुल 55.24 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान सुबह आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक चला। गोरखपुर, मुजफ्फरनगर और आगरा जैसे कुछ जिलों में गड़बड़ी के आरोप-प्रत्यारोप के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न हुआ। इसी के साथ 152 उम्मीदवारों का भाग्य बैलट बक्से में कैद हो गया है। 27 अक्टूबर को चुनाव परिणाम आएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सुबह आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों पर 55.24 फीसदी मतदान हुआ है। लखनऊ खण्ड स्नातक सीट पर 38.02 फीसदी, वाराणसी खण्ड स्नातक पर 41.01, आगरा खण्ड स्नातक 51, मेरठ खण्ड स्नातक में 39.81 और इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक सीट पर 41.40 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, लखनऊ खण्ड शिक्षक सीट पर 50.92 फीसदी, वाराणसी खण्ड शिक्षक 68.21, आगरा खण्ड शिक्षक 63.84, मेरठ खण्ड शिक्षक 60.80, बरेली मुरादाबाद खण्ड शिक्षक 73.69 और गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक क्षेत्र पर 79.01 फीसदी मतदान हुआ है।
उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों की निगरानी में मतदान केंद्रों पर त्रीस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया था। ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के इस चुनाव में प्रदेश भर में 14 लाख 81 हजार 310 मतदाता हैं। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोग द्वारा 11 प्रेक्षक, 1041 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 456 जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किये गये थे। इसके साथ ही मतदेय स्थलों पर माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती के साथ ही वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गयी थी।