68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने अनुप्रिया पटेल को सौंपा ज्ञापन, सीएम योगी और पीएम मोदी तक मामला पहुंचाने का मिला आश्वासन
लखनऊ में अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल से मुलाकात कर भर्ती से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की।
लखनऊ, 02 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश में हुई 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से राजधानी लखनऊ में मुलाकात कर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अपनी समस्याओं से अवगत कराया। अभ्यर्थियों ने मामले में हस्तक्षेप कर समाधान की पहल करने का आग्रह करते हुए केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
अभ्यर्थियों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से संबंधित अधिकारियों और प्रदेश सरकार के स्तर पर प्रभावी पहल कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। अभ्यर्थी तूफान सिंह के नेतृत्व में ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने अनुप्रिया पटेल के समक्ष भर्ती से संबंधित अपनी मांगें और समस्याएं विस्तार से रखीं।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह इस विषय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी रखेंगी। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराने और समाधान की दिशा में पहल करने की बात कही।
अभ्यर्थियों ने केंद्रीय मंत्री के आश्वासन पर उनका आभार जताया और उम्मीद व्यक्त की कि सरकार के स्तर पर हस्तक्षेप से भर्ती प्रक्रिया से जुड़े उनके लंबित मुद्दों का समाधान हो सकेगा।