संत रविदास हम सबके हैं, उनके संदेश समाज को एक सूत्र में पिरोने वाले : सिद्धार्थ नाथ सिंह

-कलश वंदन यात्रा का शहर पश्चिमी में भव्य स्वागत, विभिन्न बस्तियों में बरसे फूल, भक्ति गीतों पर झूमे लोग

संत रविदास हम सबके हैं, उनके संदेश समाज को एक सूत्र में पिरोने वाले : सिद्धार्थ नाथ सिंह

प्रयागराज, 08 अगस्त । संत रविदास हम सबके हैं और उन्होंने समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उनके संदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उक्त विचार शनिवार को कलश वंदन यात्रा प्रयागराज के शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के प्रीतम नगर मंडल में कार्यकर्ताओं एवं जनमानस को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शहर पश्चिमी के विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने व्यक्त किये।

उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज में समानता, भाईचारे और एकता का संदेश दिया। उन्होंने समाज को जोड़ने का कार्य किया। भाजपा ने संत रविदास के विचारों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया है। संत रविदास के विचार आने वाली पीढ़ियों को भी समाज में समरसता और एकता का मार्ग दिखाते रहेंगे। संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भाजपा द्वारा निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा इसी सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दे रही है।

शनिवार को कलश वंदन यात्रा शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के प्रीतम नगर मंडल में पहुंची। विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह और अभियान के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर ने समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान यात्रा पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। कलश वंदन यात्रा प्रीतम नगर मंडल की विभिन्न दलित बस्तियों सहित समाज के अलग-अलग वर्गों की बस्तियों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर लोग कलश यात्रा के साथ झूमते और नृत्य करते नजर आए। लोगों ने श्रद्धा के साथ कलश यात्रा का स्वागत किया।

इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार को कलश वंदन यात्रा शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के शिवकुटी, वेणी माधव, सिविल लाइंस और विश्वविद्यालय मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी थी। शनिवार को यात्रा शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद मोदी, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष शिखा रस्तोगी, प्रीतम नगर मंडल अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, अजय हेला, संजय कुशवाहा, वीरेंद्र पासी, विक्रम पटेल, पार्षद दीपक कुशवाहा, शिव भारती, पूर्व पार्षद आनंद सिंह, शोभिता श्रीवास्तव, शेरू पाल, प्रेम केसरवानी और धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।