प्रयागराज से काशी तक चिकित्सकों ने निकाली साइकिल कांवड़ यात्रा, गंगा जल से किया बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक
इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, गंगा जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे चिकित्सक
प्रयागराज, 08 अगस्त । श्रावण मास के पावन अवसर पर इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) और द होल्स क्लब के सदस्यों ने शनिवार को प्रयागराज से वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम तक साइकिल कांवड़ यात्रा निकाली। बाबा भोलेनाथ की इस आस्था यात्रा को आईएमए अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। चिकित्सकों ने संगम से गंगा जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम में भगवान शिव को अर्पित किया।
यह साइकिल कांवड़ यात्रा सुबह चार बजे प्रयागराज से शुरू होकर वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम पहुंची। यात्रा में शामिल चिकित्सकों ने श्रद्धा के साथ गंगा जल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया।
यात्रा में डॉ. आशुतोष गुप्ता, डॉ. सुभाष चंद्र वर्मा, डॉ. अतुल दुबे, डॉ. जे.वी. राय, डॉ. अनिल शुक्ला, डॉ. वी.के. सिंह, डॉ. सुबोध जैन, डॉ. हिमांशु भूषण, डॉ. अनुराग वर्मा, डॉ. उत्सव सिंह, डॉ. पंकज खत्री, डॉ. आयुष पांडेय, डॉ. गोपेश चौकसे, डॉ. अरुण तिवारी, डॉ. गौरव अग्रवाल, डॉ. सीपीएस गुप्ता, डॉ. अभिषेक शरण, डॉ. राजीव गौतम, डॉ. प्रशांत त्रिपाठी, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. पीयूष मिश्रा सहित कई चिकित्सकों ने भाग लिया। इसके अलावा आशीष त्रिवेदी, मयंक अवस्थी, मनीष शुक्ला, रानू विक्रम सिंह सहित अन्य सदस्य भी यात्रा में शामिल रहे।
साइकिल कांवड़ यात्रा का संचालन आईएमए खेल सचिव डॉ. अतुल दुबे ने किया। चिकित्सकों ने यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का भी संदेश दिया।