महिलाओं से जंजीर लूटने वाले दो लुटेरे गिरफ्तार
महिलाओं से जंजीर लूटने वाले दो लुटेरे गिरफ्तार
प्रयागराज, 05 जुलाई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित फाफामऊ थाना की पुलिस टीम ने महिलाओं के गले से जंजीर लूटने के मामले में रविवार को दो लुटेरों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने दोनों के कब्जे से चेन व 30 हजार रुपये बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र के रंगपूरा गांव निवासी विकास कुमार उर्फ बाडे और फाफामऊ के कांशीराम कॉलोनी निवासी राजेन्द्र पासी है।
डीसीपी गंगानगर ने बताया कि फाफामऊ थाना की पुलिस टीम ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं से चेन छीनने की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब चार ग्राम वजनी पीली धातु की एक चेन तथा दूसरी छीनी गई चेन को बेचने से प्राप्त 30 हजार रुपये बरामद किए हैं।
उल्लेखनीय है कि 23 जून को गणेश गेस्ट हाउस के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली गई थी। इसके बाद 28 जून को भी सुबह टहलने निकली एक अन्य महिला के गले से मास्क पहने बदमाश ने सोने की चेन छीन ली थी। दोनों मामलों में फाफामऊ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि विकास कुमार अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन छीनता था, जबकि राजेन्द्र पासी छीनी गई चेन बेचने का काम करता था। बिक्री से मिले रुपये दोनों आपस में बांटकर अपने खर्च और शौक पूरे करते थे।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम की सतर्क जांच के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से एक चेन और 30 हजार रुपये बरामद हुए हैं। दोनों के खिलाफ संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराएं बढ़ाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।