श्रावण मास और कांवड़ यात्रा: प्रयागराज पुलिस अलर्ट, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश
प्रयागराज में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, यातायात, गंगा घाटों की निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए
प्रयागराज, 01 अगस्त । श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह निर्देश देते हुए शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने अपने मातहतों को निर्देश दिया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी कांवड़ियों के साथ सौम्य व्यवहार करें और उनकी हर संभव सहायता करें।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने शनिवार काे बताया कि 31 जुलाई को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित त्रिवेणी सभागार में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा और अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) विजय ढुल सहित सभी पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों का नियमित निरीक्षण करने, अवैध कट तत्काल बंद कराने तथा मार्गों पर स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतक लगाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गंगा घाटों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वहां लगातार निगरानी रखने, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली के माध्यम से आवश्यक निर्देश देने तथा जरूरत के अनुसार फ्लोटिंग बैरियर और सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग में पड़ने वाले शिविरों और विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रक एसोसिएशन से समन्वय कर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा तथा डायवर्जन स्थलों, पेट्रोल पंपों और ढाबों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को थाने आने वाले लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने, उनका त्वरित निस्तारण करने और प्रत्येक आगंतुक के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि शहर के बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच भी कराई जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बनी रहे और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में अपने कार्य कर सकें।