प्रयागराज में ईश्वर शरण कॉलेज के लैब अटेंडेंट की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश का आरोप
सलोरी में घर के पास हुई वारदात; परिजनों ने पड़ोसियों पर मारपीट और गोली मारने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
प्रयागराज, 15 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी में गुरुवार को ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के 52 वर्षीय लैब अटेंडेंट सतीश कुमार श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और गोली मारने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में सतीश को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि सलोरी निवासी सतीश कुमार श्रीवास्तव (52) पुत्र स्वर्गीय श्याम बिहारी लाल श्रीवास्तव की पुरानी रंजिश के चलते गुरुवार को घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सतीश कुमार श्रीवास्तव का पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरुवार सुबह कुछ लोग उनके घर में घुस आए। पहले उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और फिर गोली मार दी गई। घटना में गंभीर रूप से घायल सतीश को परिजन पहले एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार के लोगों ने पड़ोसी अधिवक्ता देवेंद्र मिश्र और उनके साथ आए लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। परिजनों का यह भी आरोप है कि देवेंद्र मिश्र भाजपा से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद एसआरएन अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। अस्पताल में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के पहुंचने की भी सूचना है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है।