हरितालिका तीज महोत्सव में दिखा महिलाओं का उत्साह, अभिलाषा गुप्ता नन्दी बोलीं- आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है पर्व

टैगोर टाउन के बंशी भवन में गीत-संगीत, भजन, लोकनृत्य और मेहंदी से सजा तीज समारोह; बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया हिस्सा

हरितालिका तीज महोत्सव में दिखा महिलाओं का उत्साह, अभिलाषा गुप्ता नन्दी बोलीं- आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है पर्व


प्रयागराज, 12 सितंबर । हरितालिका तीज महिलाओं की आस्था, उत्साह और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखने के साथ महिलाओं को परिवार और समाज के साथ प्रेम, आनंद और सौहार्द से जीवन जीने की प्रेरणा देता है। यह बात पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने शनिवार को टैगोर टाउन स्थित बंशी भवन में आयोजित हरितालिका तीज महोत्सव में कही।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व और त्योहार केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारी परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। हरितालिका तीज महिलाओं की सांस्कृतिक और धार्मिक विशेषताओं को अभिव्यक्त करने के साथ उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त होने का अवसर भी प्रदान करता है।महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधानों और सोलह शृंगार से सजी महिलाओं ने गीत-संगीत, भजन और लोकनृत्य का आनंद लिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को मेहंदी लगाई और तीज के पारंपरिक लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया। महिलाओं के साथ बच्चों ने भी कार्यक्रम में उत्साह से सहभागिता की।

प्रख्यात गायक विकास मिश्र और बरसाना परिवार की सदस्यों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर महिलाएं भाव-विभोर होकर भगवान शिव और माता पार्वती का स्मरण करती नजर आईं। महिलाओं ने अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की कामना की। भक्ति, उल्लास और लोक संस्कृति से सजे कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने सभी महिलाओं को हरितालिका तीज व्रत की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में भाजपा की पूर्व प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, पूर्व महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय, समाजसेवी विभा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं।-