केपी ट्रस्ट के नए उपाध्यक्ष शौर्यदीप सचिन श्रीवास्तव का बड़ा लक्ष्य, मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर पर जोर
शौर्यदीप सचिन श्रीवास्तव बोले- प्रयागराज और आसपास के लोगों को सुलभ व आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता, केपी ट्रस्ट अध्यक्ष ने जताया भरोसा
प्रयागराज, 12 सितंबर । कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष शौर्यदीप सचिन श्रीवास्तव ने शनिवार काे कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि प्रयागराज और आसपास के लोगों को आधुनिक और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए संस्था के अंतर्गत मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा परियोजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी।
टैगोर टाउन निवासी शौर्यदीप सचिन श्रीवास्तव को कायस्थ पाठशाला के उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। संस्था के अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह ने शुक्रवार को उन्हें मनोनयन पत्र सौंपा। उनकी नियुक्ति को संस्था की चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मनोनयन पत्र सौंपते हुए अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह ने विश्वास जताया कि शौर्यदीप सचिन श्रीवास्तव के अनुभव और विशेषज्ञता से कायस्थ पाठशाला और उससे जुड़ी संस्थाओं के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उनका योगदान महत्वपूर्ण होगा।
दायित्व ग्रहण करने के बाद शौर्यदीप सचिन श्रीवास्तव ने संस्था के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ ही उन्हें आम लोगों के लिए सुलभ बनाना जरूरी है। मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर के माध्यम से लोगों को बेहतर उपचार और जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
शौर्यदीप सचिन श्रीवास्तव के उपाध्यक्ष मनोनीत होने पर कौशलेन्द्र श्रीवास्तव, ट्रस्ट के महामंत्री एसडी कौटिल्य, पवन शंकर, रंगजी श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, कल्पना श्रीवास्तव, प्रियंका श्रीवास्तव सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।