प्रयागराज में निष्पक्ष स्नातक चुनाव की मांग, सपा ने जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर का आरोप—मतदाताओं पर घर-घर दबाव बनाया जा रहा; जिला विद्यालय निरीक्षक को हटाने की भी मांग

प्रयागराज में निष्पक्ष स्नातक चुनाव की मांग, सपा ने जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज, 22 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिये प्रयागराज में हाेने वाले स्नातक निर्वाचन में मतदाताओं को डराने-धमकाने और मतदान से रोकने के प्रयास की शिकायतों को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रशासन के सामने विरोध दर्ज कराया है ।

गुरुवार को सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने आरोप लगाया कि पुलिस घर-घर जाकर मतदाताओं पर दबाव बना रही है। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की मांग की। सपा प्रत्याशी एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी तथा पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और ज्ञापन सौंपा।

सपा नेताओं का आरोप है कि स्नातक निर्वाचन के मतदाताओं को मतदान से दूर रखने के लिए कुछ स्थानों पर पुलिस की ओर से दबाव बनाया जा रहा है। पार्टी के मुताबिक, मतदाताओं से मिली शिकायतों के आधार पर नेताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है।



जिला विद्यालय निरीक्षक को हटाने की मांग

सपा नेताओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक संताेष कुमार पर स्कूल प्रबंधकों और शिक्षकों की बैठक बुलाकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने इस मामले की जांच कराने और जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल प्रयागराज से हटाने की मांग की।

पार्टी नेताओं ने प्रशासन से कहा कि चुनाव में सभी मतदाताओं को बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की मांग की।