जय गोवर्धन, जय गिरधारी के जयकारों से गूंजा प्रयागराज, धूमधाम से निकली भगवान गोवर्धन गिरधारी की भव्य शोभायात्रा
मुट्ठीगंज से निकली भव्य शोभायात्रा में धार्मिक झांकियों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों ने बांधा समां; जगह-जगह श्रद्धालुओं ने की पुष्पवर्षा
प्रयागराज, 09 नवंबर । भगवान गोवर्धन गिरधारी की भक्ति और आस्था के रंग में सोमवार को संगम नगरी प्रयागराज सराबोर नजर आई। श्री गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित गोवर्धन पूजा महोत्सव के तहत मुट्ठीगंज से भगवान गोवर्धन गिरधारी की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। समिति के अध्यक्ष एवं नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष सुशील कुमार यादव ने कहा कि भगवान गोवर्धन गिरधारी की पूजा प्रकृति, पर्यावरण और जनकल्याण के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, सद्भाव और आपसी एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
शोभायात्रा का शुभारंभ मुट्ठीगंज स्थित मुंशी राम प्रसाद की बगिया में हुआ। इससे पहले आचार्य संतोषानंद महाराज के आचार्यत्व में सुशील कुमार यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान गोवर्धन गिरधारी का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया गया। इस अवसर पर सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, पूर्व पार्षद दीपेश यादव, राजेश केसरवानी, रविंद्र यादव, पार्षद नेम यादव, रामप्रसाद यादव, हरिओम साहू, संतोष यादव और पार्षद नीरज टंडन सहित अन्य लोगों ने आरती-पूजन किया।
शोभायात्रा में भगवान गोवर्धन गिरधारी की भव्य झांकी के साथ ध्वज-पताका, ढोल-नगाड़े, डीजे, बैंड-बाजे, घोड़े, ऊंट और राजा की सवारी आकर्षण का केंद्र रहे। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित द्वारकाधीश की झांकी, महारास लीला, कालिया नाग मर्दन और मां काली की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
इस दौरान पीले वस्त्र धारण कर शामिल हुईं महिला श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन गिरधारी के भक्ति गीतों पर भावविभोर होकर नृत्य किया। पूरा यात्रा मार्ग जय गोवर्धन, जय गिरधारी और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा मुट्ठीगंज से प्रारंभ होकर हटिया पुलिस बूथ चौराहा, मुट्ठीगंज चौराहा, आर्य कन्या चौराहा, कोठापारचा, रामभवन, बहादुरगंज, लोकनाथ और भारती भवन होते हुए मालवीय नगर पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एसके यादव रहे, जबकि संचालन समिति के महामंत्री संतोष यादव ने किया। इस अवसर पर सारिका यादव, कृष्ण भगवान केसरवानी, रानी केसरवानी, राजेश केसरवानी, उमा सिंह बघेल, शिवशंकर केसरवानी, संतोष अग्रहरि, राजू यादव, चंद्रमा यादव, अभिषेक यादव, राजेश यादव, आशीष यादव, विकास यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।