सेंट्रल एयर कमांड के जवानों ने तिरंगे के साथ साइकिल रैली निकालकर की स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत
सेंट्रल एयर कमांड के जवानों ने तिरंगे के साथ साइकिल रैली निकालकर की स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत
प्रयागराज, 13 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस समारोह और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रयागराज हेडक्वार्टर सेंट्रल एयर कमांड की ओर से गुरुवार को साइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से वायुसेना के जवानों और कर्मचारियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
साइकिल रैली हेडक्वार्टर सेंट्रल एयर कमांड से शुरू होकर एयर फोर्स स्टेशन मनौरी तक गई और वहां से वापस मुख्यालय पहुंची। इसमें सेंट्रल एयर कमांड के वायु योद्धाओं और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर साइकिल चलाई। रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी रैली में शामिल वायुसेना कर्मियों का उत्साह बढ़ाया।
रैली के दौरान जवानों ने स्वतंत्रता, एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अधिकारियों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ाने के साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना को मजबूत करना था।
साइकिल रैली ने प्रतिभागियों में आपसी भाईचारे और फिटनेस की भावना को भी बढ़ावा दिया। उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ आयोजित इस रैली ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत को यादगार बना दिया।
यह आयोजन राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जुड़ा रहा। सेंट्रल एयर कमांड के कर्मियों ने राष्ट्र के मूल्यों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बनाए रखने के लिए सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एवं प्रयागराज जनसंपर्क अधिकारी विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि साइकिल रैली के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम ने देशभक्ति, एकता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।