प्रयागराज: फर्जी और दोहरे मतदाताओं को रोकने की मांग, भाजपा ने निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अनूप गुप्ता ने मतदाता सूची की जांच कराने की उठाई मांग, अपात्र नामों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह
प्रयागराज, 21अक्टूबर। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में फर्जी, अपात्र और दोहरे मतदाताओं को मतदान से रोकने के लिए मतदाता सूची की जांच कराई जाए। पात्र मतदाताओं को ही मतदान का अवसर मिले और चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। यह मांग भाजपा के निवर्तमान प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने बुधवार को निर्वाचन अधिकारी, प्रयागराज को ज्ञापन दिया।
अनूप गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक निर्वाचन के मतदान से पहले मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को दूर करने की मांग को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इलाहाबाद-झांसी खंड की मतदाता सूची में एक ही नाम के कई मतदाता दर्ज हैं। इसके अलावा, कुछ मतदाताओं की आयु निर्धारित योग्यता से कम होने की आशंका भी जताई गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि झांसी सहित अन्य जिलों की मतदाता सूची में वर्ष 2001, 2002, 2003, 2004 और 2005 में जन्मे युवकों के नाम शामिल हैं। भाजपा नेताओं ने इन मतदाताओं की पात्रता की जांच कराने की मांग की। साथ ही झांसी की मतदाता सूची में वर्ष 2002 के बाद जन्मे ऐसे लोगों के नामों की जांच कर अपात्र पाए जाने पर उन्हें हटाने का अनुरोध किया।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ मतदाता गलत तथ्यों के आधार पर एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत हैं। ज्ञापन में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धाराओं 17 और 18 का उल्लेख करते हुए ऐसे मामलों की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। नेताओं का कहना था कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी मंडलायुक्तों और जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए जाएं। मतदान से पहले मतदाता सूची की जांच कर अपात्र और दोहरे मतदाताओं के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि 23 अक्टूबर को मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि भाजपा के चुनाव संपर्क विभाग, लखनऊ के प्रदेश संयोजक अखिलेश कुमार अवस्थी ने 20 अक्टूबर को इस विषय से मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को भी अवगत कराया है।
इस दौरान राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष पांडेय और राजेश गोंड जिला मीडिया विभाग , भाजपा महानगर विवेक मिश्रा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।