मीरजापुर में ट्रक के नीचे बेसुध मिली आर्केस्ट्रा डांसर, पुलिस ने परिजनों को बुलाकर सौंपा
ड्रमंडगंज के भैसोड़ बलाय पहाड़ स्थित पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक के नीचे मिली युवती, पुलिस के अनुसार नशे की हालत में वाहन से उतरकर वहां लेट गई थी।
मीरजापुर, 04 अक्टूबर । जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र स्थित भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार की देर शाम को एक डांसर खड़े ट्रक के नीचे बेसुध अवस्था में मिली। पेट्रोल पंप कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उसे ट्रक के नीचे देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार और एसआई सुभाष यादव ने युवती को बाहर निकलवाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार युवती मध्य प्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र की रहने वाली है और मीरजापुर में आर्केस्ट्रा में डांसर का काम करती है।
थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के अनुसार, युवती हनुमना से मीरजापुर जा रही थी। पुलिस का कहना है कि वह शराब के नशे में होने के कारण पेट्रोल पंप के पास वाहन से उतर गई और वहां खड़े ट्रक के नीचे जाकर लेट गई। होश में आने पर युवती ने अपना नाम और पता बताया। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया और युवती को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।