माटीकला के हुनरमंद शिल्पियों को मिलेगा मंडल स्तरीय सम्मान, 3 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की ओर से मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के कारीगरों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। सम्मान समारोह 3 अक्टूबर को मीरजापुर के पथरहिया रोड स्थित कम्बल कारखाना परिसर में होगा।
मीरजापुर, 01 अक्टूबर । माटीकला के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले शिल्पियों, कारीगरों और उद्यमियों को मंडल स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 में माटीकला समन्वित विकास कार्यक्रम के तहत श्रेष्ठ कृतियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार ने बताया कि पुरस्कार कार्यक्रम तीन अक्तूबर को सुबह 10 बजे पथरहिया रोड स्थित कम्बल कारखाना परिसर में होगा। इसमें मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के माटीकला से जुड़े शिल्पी प्रतिभाग कर सकते हैं।
प्रतिभागी की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। वह संबंधित जिलों का निवासी होने के साथ माटीकला के परंपरागत कार्य से जुड़ा हो और मिट्टी से विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार करता हो। इसके अलावा उसका उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड में सूचीबद्ध अथवा पंजीकृत होना जरूरी है।
इच्छुक शिल्पी बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन की प्रति आवश्यक अभिलेखों के साथ परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग कार्यालय, मीरजापुर में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, शैक्षिक प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक और मिट्टी से बने उत्पादों की फोटो देनी होगी।