कानपुर पुलिस ने चोरी की 6 बाइक के साथ तीन चोर किया गिरफ्तार

कानपुर पुलिस ने चोरी की 6 बाइक के साथ तीन चोर किया गिरफ्तार

कानपुर पुलिस ने चोरी की 6 बाइक के साथ तीन चोर किया गिरफ्तार

कानपुर, 05 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के अराैल थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त बिल्हौर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रविवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोक लिया। पूछताछ के दौरान वे वाहन के दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली। इसके बाद आरोपिताें की निशानदेही पर खड़ैचा-देविनपुरवा संपर्क मार्ग के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं।

गिरफ्तार शातिरों की पहचान रविशंकर कुशवाहा, निवासी ठठिया खेड़ा थाना ठठिया, कन्नौज, गोविंद सक्सेना, निवासी नसरापुर पीडब्ल्यूडी टीचर्स कॉलोनी थाना कोतवाली, कन्नौज और देव सक्सेना, निवासी कृष्णा नगर थाना कोतवाली, कन्नौज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें बेचने की फिराक में रहते थे। पुलिस के अनुसार गोविंद सक्सेना के खिलाफ पहले से चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं तथा वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहनों की बिक्री के नेटवर्क और संभावित अन्य वारदातों के संबंध में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।