‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कसी कमर, 17 सितंबर से एक महीने तक चलेगा अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पौधरोपण, रक्तदान और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम होंगे।

‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कसी कमर, 17 सितंबर से एक महीने तक चलेगा अभियान

गोरखपुर, 13 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर रविवार को एनेक्सी भवन सभागार में मंत्री जल शक्ति विभाग स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने अभियान के तहत सौंपे गए दायित्वों की जानकारी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जिले में अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश में इस बार सेवा पखवाड़े को और व्यापक रूप देते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से लेकर स्वास्थ्य, पौधरोपण, रक्तदान और जनकल्याणकारी योजनाओं तक विभिन्न सेवा गतिविधियों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों से कहा कि अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाया जाए। गांव, ब्लॉक, तहसील, नगरीय निकाय और बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तैयार हो। समाज के प्रत्येक वर्ग को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि सरकार की कौन-कौन सी योजना उसके लिए उपयोगी है और उसका लाभ लेने के लिए क्या प्रक्रिया है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने प्रस्तुत की जिले की तैयारियों की रूपरेखा

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने प्रभारी मंत्री को बताया कि पहले सेवा पखवाड़े के रूप में चलने वाली गतिविधियों को इस बार विस्तार देकर एक माह तक चलाया जाएगा। जिला स्तर पर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। डीएम और एसएसपी को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि अलग-अलग विभागों और क्षेत्रों के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।