अमेठी में स्वयं सहायता समूह ने बदली नीलम की जिंदगी, 50 हजार रुपये के ऋण से बनीं आत्मनिर्भर

आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार को मिला सहारा, मां काली महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर बढ़ा नीलम शुक्ला का आत्मविश्वास

अमेठी में स्वयं सहायता समूह ने बदली नीलम की जिंदगी, 50 हजार रुपये के ऋण से बनीं आत्मनिर्भर

अमेठी, 13 नवंबर। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित स्वयं सहायता समूह अब बदलाव की नई इबारत लिख रहा हैं। समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल आर्थिक मजबूती हासिल कर रही हैं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विकासखंड जगदीशपुर की ग्राम पंचायत मीरापुर निवासी नीलम शुक्ला महिला सशक्तिकरण की ऐसी ही प्रेरणादायक मिसाल है।

नीलम शुक्ला बताती हैं कि एक समय उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। सीमित आमदनी के चलते परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा था। आर्थिक तंगी के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

इसी बीच वह मां काली महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं। समूह के माध्यम से उन्हें आर्थिक सहयोग मिला और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस धनराशि से उन्हें कठिन आर्थिक परिस्थितियों से उबरने में मदद मिली। समूह से जुड़ने के बाद उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाना पहले की अपेक्षा आसान हुआ।

नीलम का कहना है कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह उन्हें एक-दूसरे का सहयोग करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करते हैं। समूह से मिलने वाले सहयोग ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

नीलम शुक्ला ने महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया। साथ ही जिलाधिकारी शशांक चौधरी और संबंधित अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ग्रामीण महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

नीलम शुक्ला की कहानी इस बात का प्रमाण है कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक कठिनाइयों से उबरकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकती हैं। उनका सफर ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।