कार्यकर्ता 2027 की तैयारी में न छोड़ें कोई कसर : केशव प्रसाद मौर्य
कार्यकर्ता 2027 की तैयारी में न छोड़ें कोई कसर : केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज, 14 फ़रवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता 2027 की तैयारी में कोई कमी न छोड़ें। फार्म 6 भरवने की तिथि बढ़ा दी गई है, इसका पूरा लाभ सभी का फार्म भरवाकर करें । यह बात शनिवार को अंबेडकर नगर रवाना होने से पहले अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को शिवरात्रि व होली की शुभकामनाएं देते व संवाद करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 2027 के लिए तैयार रहें। यदि चाहते हैं कि 2027 में बड़ी विजय मिले तो उसके लिए अब कमर कस लेना होगा। फार्म 6 भरवाने को लेकर जो समय सीमा बढ़ाई गई है उसका पूरा सदुपयोग करते हुए फार्म 6 भरवाने में लगे रहें। शिथिलता न बरतें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा पेश बजट 2026 के बारे में लोगों, खासकर युवाओं को बताएं कि डबल इंजन सरकार में उनके लिए संभावनाओं के द्वार खुले हैं। बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में प्रधानमंत्री योग्यता से बनता है, उसके लिए अब परिवारवादी विरासत की मुहर कतई ज़रूरी नहीं है। यह छोटी, लेकिन खरी बात कांग्रेस के अपरिपक्व नेता राहुल गांधी को समझ में नहीं आती। अखिलेश यादव बौखलाहट में हैं।
इस अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, डॉ शैलेश पांडेय, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, राजेंद्र मिश्र, कविता पटेल, कुंज बिहारी मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, राजेश गोंड, विवेक मिश्र, अंबुज त्रिपाठी, निर्दोष सिंह गोलू, विजय श्रीवास्तव, शुभम सिंह, विश्वास श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।