राम मंदिर परिसर में पुरातात्विक और सांस्कृतिक धरोहरों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का हो रहा कार्य: नृपेंद्र मिश्र
राम मंदिर परिसर में पुरातात्विक और सांस्कृतिक धरोहरों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का हो रहा कार्य: नृपेंद्र मिश्र
अयोध्या, 11 मई । श्री राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने सोमवार को मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स को लेकर मीडिया से बातचीत की। उन्हाेंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि परिसर का विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। परिसर में विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने के लिए अत्याधुनिक संरक्षण प्रयोगशाला स्थापित की गई है। यह प्रयोगशाला इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सहयोग से तैयार की गई है।
नृपेंद्र मिश्र के अनुसार आईजीएनसीए की ओर से दो विशेषज्ञ अयोध्या में तैनात किए गए हैं, जो अगले तीन वर्षों तक स्थानीय कर्मचारियों को संरक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण देंगे। इस प्रयोगशाला का उद्देश्य राम मंदिर परिसर में मौजूद पुरातात्विक और सांस्कृतिक धरोहरों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में बन रही भव्य हनुमान गैलरी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और इसे 30 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं श्रद्धालुओं के लिए तैयार किए जा रहे संग्रहालय को दिसंबर माह या उसके बाद खोलने की योजना है।
इसके अलावा राम मंदिर परिसर में अगला ध्वजारोहण समारोह 29 मई को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी चंपत राय के नेतृत्व में की जा रही है। राम मंदिर परिसर में लगातार हो रहे विकास कार्यों से आने वाले समय में श्रद्धालुओं को और बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।