बृजभूषण के कॉलेज में कुश्ती प्रतियोगित में शामिल होने से पहले विनेश फोगाट ने अयोध्या में किया दर्शन

बृजभूषण के कॉलेज में कुश्ती प्रतियोगित में शामिल होने से पहले विनेश फोगाट ने अयोध्या में किया दर्शन

अयोध्या, 11 मई। हरियाणा की प्रसिद्ध महिला रेसलर विनेश फोगाट सोमवार को अयोध्या पहुंचीं और नेशनल ओपन रेसलिंग रैंकिंग टूर्नामेंट में वेरिफिकेशन से पहले श्री राम जन्मभूमि में रामलला और हनुमानगढ़ी में हनुमंत लला के दर्शन-पूजन किए।

विनेश फोगाट गोंडा के नंदिनीनगर में आयोजित नेशनल ओपन रेसलिंग रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही हैं। सोमवार को मीडिया से बातचीत में विनेश फोगाट ने कहा कि प्रभु राम ने आशीर्वाद देने के लिए बुलाया है। मैं रामलला का आशीर्वाद लेकर नंदिनीनगर जाऊंगी। अपने ऊपर लगे प्रतिबंध के सवाल पर उन्होंने कहा कि देखा जाएगा। खेलती हूं कि नहीं खेलती हूं। शायरी अंदाज में किए गए पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर विनेश बोलीं कि हम अपनी तरफ से मेहनत कर रहे हैं। रामलला की धरती पर आए हैं। यहां सबकी कामना पूरी होती है। मेरी भी होगी।

कारण बताओ नोटिस पर उन्होंने कहा कि अभी जवाब देने का मौका मिला है। वह अपना जवाब देंगी। विनेश फोगाट ने कहा कि हमने जो मेहनत की है, हमें एक मौका मिलना चाहिए ताकि देश के लिए मेडल जीत सकें। कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के कॉलेज में प्रतियोगिता होने पर उन्होंने कहा कि वहां जाना उनके लिए मानसिक दबाव वाला है लेकिन खिलाड़ी को जहां खेल होगा वहां जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मेरे पास कोई विकल्प नहीं है। अब सरकार और सिस्टम देखे कि मेरे साथ क्या हो रहा है।