नारी शक्ति आगे है और भविष्य में भी बढ़ती रहेगी: आनंदीबेन पटेल

प्रो. राजेन्द्र सिंह ‘रज्जू भैया’ विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह सम्पन्न

नारी शक्ति आगे है और भविष्य में भी बढ़ती रहेगी: आनंदीबेन पटेल

प्रयागराज, 15 सितम्बर । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि नारी शक्ति आगे है और भविष्य में भी इसी प्रकार आगे बढ़ती रहेगी। हमारा समाज नारी शक्ति की तरफ बढ़ रहा है। आज का परिदृश्य बदल चुका है, आगे बढ़ने के लिए सबको कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। दुनिया भर में प्रतिस्पर्द्धा बढ़ रही है, समस्याओं के समाधान करने का प्रयास हो रहा है और आज भारत पूरी दुनिया को मार्गदर्शन व नेतृत्व प्रदान कर रहा है।


उत्तर प्रदेश की राज्यपाल सोमवार को प्रो. राजेन्द्र सिंह ‘‘रज्जू भैया’’ विश्वविद्यालय में आयोजित अष्टम दीक्षांत समारोह को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हमारा समाज नारी शक्ति की तरफ बढ़ रहा है। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी के असम राज्य में किए गए इथेनॉल संयंत्र कार्यों को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को नए शोध के आयाम एवं क्षेत्र को खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज विश्वविद्यालयों को रिसर्च व पेंटेंट पर ध्यान देने की आवश्यकता है। संसाधनों का उपयोग जनकल्याण के लिए कैसे किया जा सकता है, इसके बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी समस्यायें क्या है, इसका समाधान क्या है, इसके लिए हमें क्या करना चाहिए, कहां क्या-क्या संसाधन है, जिनका हम उपयोग कर भारत को आगेे बढ़ाने का प्रयास कर सकते है। यागराज की पावन धरती पर मां गंगा, यमुना एवं सरस्वती के त्रिवेणी संगम में स्नान, यहां की मिट्टी, पानी में करोड़ों लोगों की आस्था है।


इस अवसर पर राज्यपाल ने गोद लिए गए गांवों के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को उपहार सामग्री का वितरण किया। राज्यपाल ने जिला प्रशासन की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए उपलब्ध कराये गये 200 आंगनबाड़ी किट एवं विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराये गये 100 किट कुल 300 किटों को आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए प्रदान किया। राज्यपाल ने विभिन्न विद्यालयों में करायी गयी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के एवं अन्य विद्यालयों में अच्छा कार्य करने वाले कुछ शिक्षकों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने राष्ट्रीय खेलों में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार की धनराशि प्रदान किया और सम्मानित किया।

इस मौके पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने अधिकारियों एवं शिक्षकों को उनके द्वारा स्वरचित पुस्तक ‘‘चुनौतियां हमें पसंद हैं’’ एवं इसके साथ चार अन्य पुस्तकें प्रदान कीं।

इससे पूर्व उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल ने प्रो. राजेन्द्र सिंह ‘‘रज्जू भैया’’ विश्वविद्यालय में आयोजित अष्टम दीक्षांत समारोह का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर आयोजित दीक्षांत समारोह में परास्नातक, स्नातक एवं व्यवसायिक शिक्षा के विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 92109 विद्यार्थिंयों को उपाधि प्रदान की गयी। इसके साथ ही साथ आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 191 विधार्थिंयों को पदक प्रदान किया, जिसमें 129 छात्राएं एवं 62 छात्र पदक प्राप्त किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत्र ने दीक्षांत समारोह में मेडल व उपाधि प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

--प्रयागराज भारतीय ज्ञान परम्परा संस्कृति समरसता का संदेश देने वाला शहर: योगेन्द्र उपाध्याय

कैबिनेट मंत्री उच्च शिक्षा विभाग योगेन्द्र उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में प्रोफेसर राजेंद्र सिंह के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन हम सब के लिए एक प्रेरणा स्रोत है और हमें आगे बढ़ने के लिए उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि यह शिक्षण संस्थान प्रयागराज जैसे पौराणिक स्थल में है, जो भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता की मसाल को वर्षों वर्ष से जलाए हुए हैं। भारतीय ज्ञान परम्परा, सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला यह शहर है। अभी हाल ही में यहां पर विश्व का सबसे बड़े धार्मिक मेले महाकुम्भ का आयोजन सकुशल सम्पन्न हुआ, जहां 65 करोड़ से अधिक लोगों ने प्रयागराज की धरती पर आकर समागम किया। पूरे विश्व में इस आयोजन को अचंभित होकर देखा, ऐसे क्षेत्र के आप लोग वासी हैं। गंगा जमुना एवं अदृश्य सरस्वती का संगम, अक्षय वट यहां पर है।

--डिग्रियों का देश और प्रदेश के निर्माण करें उपयोग: रजनी तिवारी

राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विभाग रजनी तिवारी ने आज डिग्रियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके माता-पिता शिक्षकों को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह हमारे छात्र छात्राओं की उपलब्धियों के उत्सव का दिन है। आज आपने जो उपलब्धियां एवं डिग्रियां प्राप्त की है यह आपके कठिन परिश्रम, त्याग और तपस्या का प्रतिफल है। देश और प्रदेश के निर्माण में आप इनका उपयोग करेंगे यह आपकी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर राजेन्द्र सिंह (रज्जू भइया) विश्वविद्यालय के कुलपति अखिलेश कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि आज 739 कालेज इस विश्वविद्यालय से सम्बद्ध है तथा 5 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे है। उन्होंने कहा कि संकल्प, निष्ठा व सामूहिक प्रयास से राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) द्वारा विश्वविद्यालय को ए ग्रेड प्रदान किया गया है, जो विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति, शोध संस्कृति, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाता है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, कुल सचिव विनीता यादव,विश्वविद्यालय के आचार्यगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।