महिला की हत्या का खुलासा, 48 घंटे में आरोपित गिरफ्तार
महिला की हत्या का खुलासा, 48 घंटे में आरोपित गिरफ्तार
कानपुर, 25 अप्रैल । जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बीते गुरुवार को एक बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 48 घंटे में हत्या का खुलासा किया है। आरोपित ने छत पर ड्रोन गिरने का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया और हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एसएम कासिम आबिदी ने शनिवार को बताया कि आवास विकास एक निवासी हरेंद्र सिंह अपनी पत्नी निर्मला देवी (53) के साथ रहते हैं। 23 अप्रैल को वह किसी काम से बाजार गए थे। घर पर अकेली निर्मला देवी थी। इसी दौरान रावतपुर क्षेत्र का रहने वाला ईशु उर्फ आर्यन घर पहुंचा और छत पर ड्रोन गिरने की बात कहकर अंदर आ गया। मौका पाकर उसने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। घर से करीब 153 ग्राम ज्वेलरी (कीमत करीब 27 लाख रुपये) लेकर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए छह टीमों का गठन किया। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सर्विलांस व ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए पुलिस आरोपित तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित को गंगा इन्क्लेव के पीछे केसा मार्ग से दबोच लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह रावतपुर में किराये पर रह रहा था और पहले से घर की गतिविधियों पर नजर रखे था। उसे मालूम था कि दोपहर में महिला अकेली रहती हैं, तभी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
उसने स्वीकारा कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने वारदात को अंजाम दिया। इसके लिए ऑनलाइन क्राइम शो देखकर तरीके समझे और कई दिनों तक रेकी की। डीसीपी पश्चिम ने बताया कि टीमों के समन्वित प्रयास से कम समय में महिला की हत्या का खुलासा किया गया। टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया।-