संदिग्ध हालात में महिला की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल पर जलाकर मारने का लगाया आरोप
संदिग्ध हालात में महिला की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल पर जलाकर मारने का लगाया आरोप
अमेठी, 8 नवंबर । उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के इन्हौंना थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में शुक्रवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। मृतका की पहचान सुशील गुप्ता की पत्नी आंचल गुप्ता (35) के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर आंचल को जलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाजारशुकुल निवासी जगदीश प्रकाश गुप्ता (मृतका के पिता) ने बताया कि उनकी बेटी आंचल की शादी आठ वर्ष पूर्व सुशील गुप्ता उर्फ बड़े बऊवा से हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। शुक्रवार सुबह दामाद सुशील ने फोन पर कहा कि उसका आंचल से झगड़ा हुआ है, अब या तो वह रहेगा या आंचल। कुछ देर बाद दोबारा फोन कर उसने बताया कि आंचल ने खुद को आग लगा ली है। परिजन जब राजापुर पहुंचे तो आंचल का शव बुरी तरह झुलसा मिला। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुरालीजनों ने जलाकर उसकी हत्या की और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि आंचल पहले भी दो बार कुएं और तालाब में गिर चुकी थी, जहां से उसे बचा लिया गया था।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पिता जगदीश प्रकाश और मां किरन गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि उसकी दो बेटियां शुभी और काव्या अपनी मां की मौत पर बिलख रही हैं। पूरे गांव में शोक की लहर है।