स्वयंसेवकों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ साइबर फ्रॉड की दी जानकारी

स्वयंसेवकों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ साइबर फ्रॉड की दी जानकारी

स्वयंसेवकों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ साइबर फ्रॉड की दी जानकारी

कानपुर, 15 फरवरी । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की अटल एनएसएस यूनिट–1 ग्राम भराथनपुरवा, बिठूर में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में रविवार को छठे दिन की शुरुआत सभी स्वयंसेवकों ने एनएसएस गीत के साथ उत्साहपूर्वक किया। प्रातः सत्र में साइबर सिक्योरिटी विषय पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बीटेक विभाग (कम्प्यूटर साइंस) के छात्र द्वारा स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों को बताया गया कि साइबर फ्रॉड कैसे होते हैं, ऑनलाइन ठगी के सामान्य तरीके क्या हैं तथा उनसे कैसे बचा जा सकता है। डिजिटल पेमेंट सुरक्षा, ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से बचने एवं साइबर हेल्पलाइन के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके पश्चात सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने योजनाओं से सम्बंधित पंपलेट, जिन पर आधिकारिक वेबसाइट का उल्लेख था, पूरे गाँव में घर-घर जाकर वितरित किए और जागरुकता के उद्देश्य से उन्हें घरों पर लगाया, ताकि ग्रामीण इन योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में विशेष रुप से एनएसएस के विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ. श्याम मिश्रा की उपस्थिति रही। उनका स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता तिवारी द्वारा किया गया। डॉ. मिश्रा ने मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही मंदिर के पुजारी को भी सम्मानित किया गया।

सायंकालीन सत्र में “आशीर्वाद दिवस” के अंतर्गत मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। मंदिर की साफ-सफाई एवं सजावट का कार्य एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। भजन संध्या में स्वयंसेवकों ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। डॉ. श्याम मिश्रा जी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए भजन संध्या का आनंद लिया और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।

शिविर का उद्देश्य सामाजिक, डिजिटल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देना है। विशेष शिविर आगामी दिनों में भी विविध जनहितकारी गतिविधियों के साथ निरंतर जारी रहेगा।