विशाल मेगा मार्ट की संपत्ति की मूल पत्रावली गायब, अफसरों में हड़कंप
विशाल मेगा मार्ट की संपत्ति की मूल पत्रावली गायब, अफसरों में हड़कंप
बरेली, 6 नवंबर । उत्तर प्रदेश के बरेली नगर निगम में करोड़ों की संपत्ति से जुड़े अहम दस्तावेज गायब होने से हड़कंप मच गया है। सिविल लाइंस स्थित पटेल चौक पर विशाल मेगा मार्ट की संपत्ति की मूल फाइल लापता होने का खुलासा होने के बाद निगम प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम की हाल ही में हुई सदन बैठक में पार्षद सतीश चंद्र कातिब ने कई संपत्तियों की मूल फाइलें न मिलने का मुद्दा उठाया था। इसके बाद जब रिकॉर्ड की जांच की गई तो संपत्ति संख्या 768/617/85-D की मूल पत्रावली ही गायब मिली। चौंकाने वाली बात यह रही कि तत्कालीन नगर आयुक्त के 19 नवंबर 2019 के आदेश की असली प्रति भी फाइल से गायब थी।
घटना सामने आते ही निगम प्रशासन ने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। कर अधीक्षक मुन्ना राम ने जांच के बाद तत्कालीन लिपिक जया शर्मा, अजय प्रकाश, विपिन कुमार और तत्कालीन कर समाहर्ता नेत्रपाल सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
फाइल गायब होने की यह घटना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब पुलिस जांच से ही पता चलेगा कि करोड़ों की कीमत वाली संपत्ति के ये अहम दस्तावेज आखिर कहां गायब हुए और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम के रिकॉर्ड की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।