गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर विहिप का प्रदर्शन, “गाय नहीं कटने देंगे” के नारों से गूंजा शहर

गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर विहिप का प्रदर्शन, “गाय नहीं कटने देंगे” के नारों से गूंजा शहर

गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर विहिप का प्रदर्शन, “गाय नहीं कटने देंगे” के नारों से गूंजा शहर

प्रयागराज, 27 मई । विश्व हिंदू परिषद (विहिप) गोरक्षा विभाग के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने “गाय नहीं कटने देंगे-देश नहीं बंटने देंगे”, “कटती गऊएं करें पुकार-बंद करो यह अत्याचार” तथा “गौमाता के सम्मान में-विश्व हिंदू परिषद मैदान में” जैसे नारों के साथ राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी नगर को सौंपा।

ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लाल मणि तिवारी ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति, सात्विक ऊर्जा, आर्थिक समृद्धि और आरोग्य का महत्वपूर्ण आधार है।

उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती गोतस्करी और गौहत्या की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं, जिसे रोकने के लिए विश्व हिंदू परिषद लगातार अभियान चला रहा है।

उन्होंने मांग की कि देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन गोतस्करी एवं गौहत्या में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

विहिप पदाधिकारियों ने एक अन्य ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए जिले की गौशालाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार को दूर करने की मांग भी उठाई।

ज्ञापन में गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त छाया, हरा चारा, स्वच्छ पानी तथा मानक के अनुरूप भूसा, चोकर एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही बेसहारा गोवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में संरक्षित करने और लापरवाही या भ्रष्टाचार में लिप्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की मांग भी की गई।

लाल मणि तिवारी ने कहा कि संगठन द्वारा “गोरक्षक सचल दस्ते” की टीमें गठित की गई हैं, जो काशी प्रांत में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संगठन गौसंरक्षण को लेकर जनजागरण अभियान भी चला रहा है।

कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष भोला नाथ मिश्र, विष्णु स्वामी, विष्णु कांत, लवलेश बजरंगी, शुभम कुशवाहा, विजय पांडे, श्याम, शिवम द्विवेदी, संतोष त्रिपाठी, प्रियांशु, विनेक, सयाने महाराज, चंद्रशेखर साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।