प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में तिरंगे का गौरव कई गुना बढ़ा : नन्दी

मुट्ठीगंज से कोठापार्चा तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजा पुराना शहर

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में तिरंगे का गौरव कई गुना बढ़ा : नन्दी

प्रयागराज, 11 अगस्त। “तिरंगा देश की एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में निहित आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में तिरंगे का गौरव कई गुना बढ़ा है। हमारा संदेश है कि तिरंगा हमेशा दुनिया भर में गर्व के साथ लहराता रहे।” यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने मंगलवार को प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि इसी तिरंगे की आन, बान और शान के लिए देश के वीर जवानों ने सीमाओं पर गोलियों का सामना किया और अपना जीवन बलिदान किया। तिरंगा देश के सम्मान, गर्व और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने और लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मंत्री नन्दी के नेतृत्व में मुट्ठीगंज से कोठापार्चा तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों से पूरा पुराना शहर तिरंगामय नजर आया।

देशभक्ति के नारों से गूंजा पुराना शहर

तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। ढोल-ताशों की आवाज और देशभक्ति गीतों ने वातावरण को उत्साह और राष्ट्रभक्ति से भर दिया। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

मुट्ठीगंज स्थित बड़ा चौराहा से शुरू हुई यात्रा राम भवन चौराहा और चंद्रलोक चौराहा होते हुए कोठापार्चा पुल के नीचे पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान प्रकट किया और यात्रा का स्वागत किया।

तिरंगा यात्रा में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी झल्लर, पूर्व राज्यमंत्री बाबू लाल भंवरा, पार्षद कुसुमलता गुप्ता, शशि वार्ष्णेय, पार्षद साहिल अरोड़ा, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शैलेश कुमार पांडेय, रमेश केसरवानी, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष परमानंद वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष किशोरी लाल जायसवाल, महानगर मंत्री दीप द्विवेदी, सत्या जायसवाल, ऋषभ टंडन, मनोज गुप्ता, श्याम किशोर मित्तल उर्फ लालू मित्तल, शिव विशाल गुप्ता और सुशील केसरवानी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।