यूपी बोर्ड की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के और दो सदस्य गिरफ्तार
यूपी बोर्ड की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के और दो सदस्य गिरफ्तार
प्रयागराज, 06 अप्रैल । उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर क्राइम थाना प्रयागराज की पुलिस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की फर्जी वेबसाइट बनाकर छात्रों और अभिभावकों से ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी अंकपत्र, डिग्री, मोहर, मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया है।
साइबर क्राइम के नोडल प्रभारी एवं पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी मो. राशिद जो वर्तमान में लक्ष्मी नगर, दिल्ली में रहता है और बागपत के मूल निवासी समीर जो वर्तमान निवासी स्वरूप नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस प्रकरण में इससे पहले पांच आराेपिताें को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
डीसीपी गंगानगर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओरिजिनल वेबसाइट www.upmsp.edu.in से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट www.upmsp-edu.in बनाकर विद्यार्थियों और अभिभावकों से ऑनलाइन वेरिफिकेशन और अन्य सेवाओं के नाम पर अवैध भुगतान कराकर ठगी करते थे। इस मामले में साइबर क्राइम थाना प्रयागराज में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आराेपिताें ने बताया कि वे फर्जी वेबसाइट बनाकर यूपी बोर्ड और अन्य विश्वविद्यालयों के फर्जी अंकपत्र, डिग्री, डिप्लोमा और प्रव्रजन प्रमाण पत्र तैयार कर देशभर के छात्रों और शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध कराते थे। फर्जी दस्तावेजों का डेटा फर्जी वेबसाइट के डाटाबेस में अपलोड कर ऑनलाइन वेरिफिकेशन भी करा देते थे, जिससे दस्तावेज असली प्रतीत होते बरामद हुए हैं। पुलिस ने टीम ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन,7 सिम, 190 फर्जी अंकपत्र, डिप्लोमा व प्रव्रजन प्रमाण पत्र, 1 लैपटॉप,4 फर्जी मोहर, 98 होलोग्राम, 1 पेन ड्राइव, 1 पासबुक व 2 चेकबुक बरामद किया हैं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
साइबर सेल की अपील
साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वेबसाइट पर भुगतान न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
---------------