पेड़ से टकराकर ट्रक में लगी आग, चालक जिंदा जलकर खाक
पेड़ से टकराकर ट्रक में लगी आग, चालक जिंदा जलकर खाक
बरेली, 26 जून । नैनीताल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक हृदय विदारक सड़क हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि झारखंड निवासी चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में लदे लोहे के गर्डर केबिन में घुस गए और एक गर्डर चालक के शरीर को चीरता हुआ निकल गया। इसके बाद इंजन से निकली चिंगारी ने केबिन को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धूकर जलने लगा और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा तड़के करीब साढ़े चार बजे देवरनियां थाना क्षेत्र में हुआ। ट्रक (झारखंड नंबर) बहेड़ी से होकर किच्छा होते हुए हरिद्वार जा रहा था। मृतक की पहचान जमशेदपुर निवासी 35 वर्षीय शिबू कुमार खाटी के रूप में हुई है। शिबू अकेले ही ट्रक चला रहे थे। ट्रक में लोहे के भारी-भरकम गर्डर लदे थे।
रातभर वाहन चलाने से आई नींद, बन गई मौत की वजह
जानकारी के मुताबिक शिबू रातभर ट्रक चलाते रहे थे। अत्यधिक थकान के चलते उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक डिवाइडर पार कर सीधे पेड़ से टकरा गया। टक्कर से ट्रक का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया और भारी गर्डर केबिन में घुस गए। एक गर्डर चालक के शरीर को आर-पार चीर गया। शिबू केबिन में ही फंस गए। इतने में इंजन से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली और केबिन धू-धूकर जलने लगा।
आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि स्थानीय लोग कुछ कर ही नहीं सके। सूचना पर देवरनियां थाना पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शिबू की मौके पर ही मौत हो चुकी थी और उनका शव बुरी तरह झुलस गया था।
इकलौते कमाने वाले थे शिबू, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। वाहन मालिक ने बताया कि शिबू अकेले ही वाहन लेकर निकले थे। जब पुलिस ने शिबू के परिजनों से संपर्क किया, तो पता चला कि वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। बेहद जिम्मेदार और मेहनती शख्सियत के तौर पर शिबू को परिवार और समाज में जाना जाता था। उनकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नींद की झपकी को हादसे की वजह माना जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक को जेसीबी की मदद से सड़क से हटवाया गया।