मीरजापुर के बदेवरा नाथ में दर्शन करने पहुंचे हजारों श्रद्धालु, भस्म पाने के लिए दिखे आतुर

मीरजापुर के बदेवरा नाथ में दर्शन करने पहुंचे हजारों श्रद्धालु, भस्म पाने के लिए दिखे आतुर

मीरजापुर के बदेवरा नाथ में दर्शन करने पहुंचे हजारों श्रद्धालु, भस्म पाने के लिए दिखे आतुर

मीरजापुर, 08 जून । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में पुरुषोत्तम मास के चौथे सोमवार को छानबे क्षेत्र के बदेवरा चौबे गांव स्थित प्राचीन बाबा बदेवरा नाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ा। भोर से शुरू हुए दर्शन-पूजन के क्रम में 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।

मंदिर के पुजारी महेंद्र गिरी ने बताया कि प्रातःकाल आरती और विशेष पूजन के बाद बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। भांग, धतूरा, शमी, बेलपत्र तथा चमेली, गेंदा और गुलाब के फूलों से आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। बाबा बदेवरा नाथ के अनन्य भक्त वीरेंद्र तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 56 भोग अर्पित कर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

धाम में स्थित हवन कुंड की भस्म को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष श्रद्धा दिखाई दी। मान्यता है कि इस भस्म के लेपन से गठिया, वात और अन्य असाध्य रोगों में लाभ मिलता है। यही कारण रहा कि हवन कुंड की भस्म प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी रही। दूर-दराज जिलों से आए श्रद्धालु भस्म को पोटली में बांधकर अपने साथ ले गए।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से मंदिर परिसर के आसपास लगे प्रसाद, फूल-माला और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी रौनक बनी रही, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था शांतिपूर्ण बनी रही।