जालौन में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनाें ने जताई हत्या की आशंका

जालौन में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनाें ने जताई हत्या की आशंका

उरई, 6 अक्टूबर  उत्तर प्रदेश के उरई जिले के कदौरा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनाें ने कुछ लाेगाें पर बेटे काे मारपीट कर हत्या करने का आराेप लगाया है। पुलिस ने परिजनाें की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कदौरा थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने साेमवार काे बताया कि मृतक की पहचान हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र स्थित लहरा गांव निवासी मेहताब खान (27)के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने पुलिस काे बताया कि गांव के कुछ लोगों ने बेटे के साथ मारपीट की थी। मारपीट के बाद बेटा अपनी बाइक से बेरी हमीरपुर चौकी जा रहा था ताकि शिकायत दर्ज करा सके। रास्ते में ग्राम कुरुवा के पास वह मरणासन्न अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों ने उसे तुरंत सीएचसी कदौरा पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक चौकी जाते समय एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया, जिससे उसकी दुर्घटना में मौत हुई है। हालांकि, परिजनों ने मौखिक रूप से हत्या के आरोप लगाया है और कुरारा थाना व बेरी चौकी में तहरीर देने की बात कही है। युवक की मौत की वजह क्या रही इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मामले की जांच की जा रही है।